Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा इलाके में वैवाहिक धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला केस आया है। यहां रहने वाली मनीषा गुप्ता (नाम बदला गया है) नामक महिला ने अपने पति विश्वास जैन (नाम बदला गया है) और ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही उसके साथ झूठ बोला गया और बाद में उसे नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए मजबूर किया गया।
झूठ की बुनियाद पर टिकी थी शादी
मनीषा की शादी 16 जनवरी 2024 को दिल्ली के राणा प्रताप बाग निवासी विश्वास जैन से हुई थी। शादी के दिन ही महिला को पता चला कि पति पूरी तरह गंजा है और उसने हेयर पैच लगाया हुआ है। शादी से पहले यह जानकारी छिपाई गई थी। इतना ही नहीं, बायोडाटा में विश्वास को बीकॉम पास और 18 लाख सालाना वेतन वाला बताया गया था, जबकि असलियत में वह महज 12वीं पास निकला और उसकी सैलरी भी बेहद कम थी।
थाईलैंड में ड्रग तस्करी और ब्लैकमेलिंग का आरोप
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हनीमून के दौरान पति उसे थाईलैंड ले गया, जहां उस पर भारत में गांजा तस्करी करने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पति ने मनीषा के फोन से उसकी निजी तस्वीरें निकालकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और धमकी दी कि वह इन्हें सार्वजनिक कर देगा।
फार्मा लाइसेंस के दुरुपयोग की आशंका
पेशे से फार्मासिस्ट पीड़िता का आरोप है कि पति उसके फार्मा लाइसेंस का इस्तेमाल कर मेडिकल स्टोर खोलना चाहता था ताकि वह नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर सके। इसके अलावा, दहेज में कार और 20 लाख रुपये नकद लेने के बावजूद ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे। अगस्त 2024 में आरोपी पति ने उसे गहने छीनकर घर से निकाल दिया और अब तलाक के लिए दबाव बना रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह के अनुसार, महिला की तहरीर पर पति, ससुर, सास, जीजा और मामा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।