Jhansi में ‘नीला संदूक कांड’, बुजुर्ग ने 27 साल छोटी प्रेमिका के टुकड़े किए; 7 दिन से चूल्हे मे जला रहा था अंग

झांसी | इश्क, धोखा और दरिंदगी की ऐसी दास्तान, जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। मेरठ के नीले ड्रम की तरह उत्तर प्रदेश के झांसी में अब एक ‘नीले संदूक’ में जली हुई लाश का मामला सामने आया है। एक 64 साल के रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी पर अपनी 37 साल की लिव-इन पार्टनर की हत्या का आरोप लगा है। सिर्फ हत्या ही नहीं, बल्कि उसने शव को कई टुकड़ों में काट डाला। पिछले 7 दिनों से वह उसके जिस्म के टुकड़े एक-एक कर चूल्हे में जला रहा था। आरोपी बुजुर्ग की पहले दो पत्नियां हैं और अब करीब 10 साल से वह 27 साल छोटी महिला के साथ रह रहा था, जिसे उसने दर्दनाक मौत दे दी। एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है।

2 पत्नियां, तीसरी के साथ रिलेशनशिप

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रामसिंह परिहार उर्फ बृजभान के रूप में हुई है। वह नंदनपुरा का रहने वाला है। वह रेलवे से रिटायर्ड है। पहले, वह दो शादियां कर चुका था। कुछ साल पहले उसकी ड्यूटी एक रेलवे अधिकारी के बंगले पर थी। वहां पास के बंगले में सीपरी बाजार निवासी प्रीति काम करने आती थी। तब दोनों की मुलाकात हुई, जो प्यार में बदल गई। प्रीति के 3 बच्चे थे। मगर वो पति और बच्चों को छोड़कर रामसिंह के साथ लिव-इन में रहने लगी। जानकारी के अनुसार, प्रीति को रामसिंह ने तीसरी पत्नी के रूप में रख लिया गया। मगर वो पैसे मांगती थी। शुरुआत में रामसिंह उसकी डिमांड पूरी करता रहा, मगर अब ये डिमांड बढ़ने लगी थी। इससे रामसिंह परेशान हो गया था। तब उसने प्रीति का मर्डर प्लान किया।

20 दिन पहले किराए पर लिया मकान

पुलिस के अनुसार, रामसिंह के रिश्तेदार का ब्रह्मनगर की पहाड़ी पर मकान है। रामसिंह ने ये मकान लगभग 20 दिन पहले किराए पर लिया था। वहां प्रीति को लेकर जाने लगा। करीब 7 दिन पहले वह प्रीति को मकान पर ले गया और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने लाश के कई टुकड़े किए और तिरपाल में रख लिए। इसके बाद हर एक-एक कर अंगों को चूल्हे में जलाता रहा। अंगों को जलाने के बाद वह शव के बचे हुए अवशेष और राख को ठिकाने लगाना चाहता था। इसलिए लोहे का एक नीले रंग का बड़ा बॉक्स खरीदकर लाया। उसमें अधजले अंग, राख और कोयला रखा।

शव ठिकाने लगाने के लिए बेटे को भी बुलाया

शनिवार रात रामसिंह ने एक लोडर गाड़ी बुक की। बॉक्स को ले जाने के लिए बेटे समेत कुछ लोगों को लेकर आया। रामसिंह ने बॉक्स को लोडर में रखवाया और बोला कि चलो पीछे-पीछे बाइक पर आ रहा हूं। वो बॉक्स को लेकर सैंयर गेट के अंदर फूटा चौपड़ा मोहल्ले में पहुंचा। जहां आरोपी की दूसरी पत्नी गीता रायकवार रहती है। लोगों ने गीता के घर के बाहर बॉक्स रख दिया। काफी इंतजार के बाद रामसिंह नहीं आया। बॉक्स से बदबू आ रही थी और थोड़ा पानी भी टपक रहा था। इस पर लोडिंग चालक और लोगों को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने ताला तोड़कर बॉक्स खोला तो अंदर अधजले अंग और राख पड़ी थी। पुलिस राम सिंह की दूसरी पत्नी गीता, उसके बेटों को उठाकर थाने ले गई। कुछ देर बाद आरोपी रामसिंह परिहार को भी पकड़ लिया गया।

400 रुपए में बुक किया ऑटो

ऑटो चालक जय सिंह पाल ने बताया- मैं लोडिंग गाड़ी चलाता हूं। मेरे मोहल्ले में रामसिंह रहता है। शुक्रवार को वह मेरे पास आया और बोला कि कुछ सामान लेकर आया है। उसने 400 रुपए में लोडिंग बुक की और मुझे लेकर बह्मनगर पहुंच गया। रामसिंह के साथ उसका बेटा नितिन समेत 4 लोग थे। बह्म नगर में पहुंचे तो वह घर से एक बक्सा निकालकर लाया। शक होने पर मैंने पूछा कि इसमें क्या है तो रामसिंह बोला कि घर का सामान है। मैंने मना किया कि हम यह नहीं ले जाएंगे, लेकिन उसने कहा कि ले चलो। रामसिंह लोडिंग में नहीं बैठा, जबकि उसका बेटा समेत अन्य लोग बैठ गए। तब रामसिंह बोला- आप लोग चलो, मैं पीछे-पीछे आ रहा हूं। जब कॉलोनी में पहुंचे तो नितिन बक्सा को अपने घर पर ले गया। उसमें से बदबू आ रही थी और पानी गिर रहा था। शक होने पर हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बक्से में हड्डियों जैसी चीजें निकली।

प्रीति के पति की शिकायत पर केस दर्ज कर रहे

दो पत्नियां पहले से हैं लोगों का कहना है कि रामसिंह का चरित्र ठीक नहीं है। उसकी पहली शादी गीता परिहार से हुई थी। गीता के एक बेटा शैलेंद्र और दो बेटियां हैं। लगभग 25 साल पहले उसका गीता रायकवार से अफेयर हो गया। गीता पहले से शादीशुदा थी। उसका एक बेटा मनीष भी था। दोनों लिव-इन में रहने लगे। फिर गीता रायकवार को रामसिंह से एक बेटा नितिन हुआ। अब 10 साल से प्रीति से अफेयर चल रहा था। बताया जा रहा है कि रामसिंह अन्य महिलाओं पर भी गलत नजर रखता था। एसपी सिटी ने बताया कि प्रीति के पहले पति राजकुमार की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Comment