Etah Honour Killing : एटा | उत्तरप्रदेश के एटा में रविवार देर रात एक प्रेमी जोड़े की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक युवती से मिलने के लिए उसके घर आया था। युवती के परिजनों ने दोनों को घर में आपत्तिजनक हालत में देख पकड़ लिया। घटना थाना जैथरा के तहत आने वाले गांव गढ़िया सुहागपुर में हुई। पुलिस ने देर रात युवती के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ और अन्य कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी थी। मृतकों की पहचान दीपक (21) और शिवानी (21) के तौर पर हुई है।
Etah Honour Killing पर एसएसपी का बयान सुनिए
युवती की घर में ही मौत, युवक ने अस्पताल में दम तोड़ा
एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने बताया कि युवक-युवती एक ही समुदाय के थे। प्रेम प्रसंग के चलते युवक रविवार देर रात युवती से मिलने उसके घर पहुंच गया था। इसी दौरान, युवती के परिजनों ने युवक व युवती के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गम्भीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने सीएचसी जैथरा पहुंचाया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय एटा रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने तक युवक की भी मौत हो चुकी थी।
चोर-चोर का शोर मचा, लाठी डंडों से हमला हुआ
घटना को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं। गांव के कुछ लोगों का दावा है कि युवक-युवती का गला रेता गया था। वहीं, कुछ लोगों के अनुसार, युवती के परिजनों को घर में आहट महसूस हुई। वे बाहर निकले तो युवक-युवती आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इसी समय युवती के परिजनों ने चोर-चोर का शोर कर दोनों पर ईंट पत्थर और लाठी डंडों से हमला शुरू कर दिया। चोर होने के शक में गांव के अन्य लोग भी पहुंच गए। इसी बीच,किसी ने पुलिस को भी सूचित कर दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक युवती दम तोड़ चुकी थी।
वारदात के बाद परिजन भागे, पुलिस ने खेतों से पकड़ा
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। कानून व्यवस्था के मद्देनजर गांव में सर्किल क्षेत्र का पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी का कहना है कि शांति व्यवस्था कायम है। युवती के परिवार से जुड़े काफी लोग वारदात के बाद इधर-उधर भाग गए। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर कई लोगों को खेत से पकड़ लिया। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया गया है।