Sonipat Murder : जिसे दोस्त बना जेल से घर तक लाया, ‘खूबसूरत’ पत्नी ने उसी के साथ मिलकर मार डाला

Sonipat Murder : हरियाणा के सोनीपत में कामी रोड स्थित ‘आशीर्वाद गार्डन’ में हुई चौकीदार की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस ने जब गुत्थी को सुलझाया, तो जो सच सामने आया उसने सबको हैरान कर दिया। चौकीदार की हत्या उसकी ‘खूबसूरत’ पत्नी ने की थी। इस मामले में उसके कथित प्रेमी का भी नाम सामने आ रहा है।

क्या है पूरा मामला?

सोनीपत के गांव ककाना का निवासी रामकिशन (45) पिछले एक साल से कामी रोड स्थित आशीर्वाद गार्डन में चौकीदारी का काम करता था। वह अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। मंगलवार सुबह जब रामकिशन का शव मिला, तो इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से कातिल बच नहीं सका।

बेवफाई और साजिश की खौफनाक दास्तां

जांच में खुलासा हुआ कि रामकिशन की पत्नी सरिता का अपने ही पति के दोस्त सतपाल के साथ अवैध संबंध था। सरिता और सतपाल के बीच पिछले दो महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रामकिशन की हत्या कोई अचानक हुआ हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी।

आरोपी महिला ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने पहले भी रामकिशन को मारने की योजना बनाई थी। वारदात की रात, सतपाल ने रामकिशन को दबोचा और सरिता ने गला दबाकर व अन्य चोटें पहुंचाकर उसे जान से मार डाला। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद सरिता ने रात भर शव के पास ही समय बिताया, सुबह उठकर सामान्य तरीके से घर के काम किए और फिर बच्चों को लेकर फरार हो गई।

जेल में हुई थी ‘दुश्मन’ से दोस्ती

मृतक रामकिशन का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे। विडंबना देखिए कि जिस सतपाल ने उसकी जान ली, उससे रामकिशन की मुलाकात जेल में ही हुई थी। जेल की दोस्ती बाहर आकर रामकिशन के घर को उजाड़ने का कारण बनी।

खूबसूरती और उम्र का फासला बना विवाद की जड़

रामकिशन और सरिता की शादी साल 2012 में हुई थी। सरिता अपने पति से करीब 10 साल छोटी थी और दिखने में काफी स्टाइलिश थी। रामकिशन को अक्सर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक रहता था, जिसके कारण घर में आए दिन कलह होती रहती थी। इनके तीन मासूम बच्चे भी हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ चुका है और मां जेल की सलाखों के पीछे है। एसीपी अमित धनखड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पत्नी सरिता को गिरफ्तार कर लिया है और सतपाल की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Comment