गुना में Love Marriage पर भड़की भीड़, पुलिस की आंखों में झोंकी मिर्ची और हाईवे पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

गुना (मध्य प्रदेश) | मध्य प्रदेश के गुना जिले के बीनागंज इलाके के ग्राम पैंची में एक प्रेम विवाह (Love Marriage) के विवाद पर ऐसा बवाल छिड़ा ​कि कानून व्यवस्था के परखच्चे उड़ गए। उग्र भीड़ ने न केवल नेशनल हाईवे-46 पर तांडव मचाया, बल्कि खाकी वर्दी को निशाना बनाते हुए पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों की आंखों में मिर्ची झोंक दी और उन्हें लाठी-डंडों से लहूलुहान कर दिया।

क्या है love-marriage विवाद की पूरी जड़?

घटना की पटकथा 28 दिसंबर को शुरू हुई थी, जब मोहम्मदपुर निवासी लोधा समाज की एक युवती लापता हो गई थी। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन युवती ने मीना समाज के एक युवक के साथ 1 जनवरी को प्रेम विवाह कर लिया। सोमवार को जब यह जोड़ा पुलिस के सामने पेश हुआ, तो युवती ने बालिग होने का हवाला देते हुए अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए युवती के बयान दर्ज किए और उसे ‘वन स्टॉप सेंटर’ भेज दिया। यही बात लड़की पक्ष के लोगों को नागवार गुजरी।

बंधक बनाकर आरक्षक को पीटा, फिर शुरू हुआ मौत का तांडव

युवती को सौंपने की मांग पूरी न होने पर लोधा समाज के करीब 50 से अधिक लोग उग्र हो गए। बीनागंज चौकी से लौटते समय भीड़ ने पैंची के पास नेशनल हाईवे-46 (NH-46) पर चक्काजाम करने की कोशिश की। जब एक पुलिस आरक्षक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो भीड़ ने उसे बंधक बनाकर मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस की आंखों में झोंकी मिर्ची, जान बचाकर भागे जवान

आरक्षक को छुड़ाने पहुंची SAF और पुलिस की टीम पर उपद्रवियों ने पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया। SAF जवान नवाब सिंह के अनुसार, हमलावरों ने अचानक पुलिसकर्मियों की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया। जब जवानों को दिखना बंद हो गया, तो भीड़ ने लाठी, डंडों और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया।

इस हिंसक हमले में कई जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं:

प्रधान आरक्षक मंगल सिंह तोमर और SAF के ASI सहित कई अन्य जवान घायल। जवानों के सिर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। उपद्रवियों ने पुलिस के वाहनों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

महिलाओं ने भी किया पथराव, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पथराव और हमले में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्थिति इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को हाईवे पर दौड़ लगानी पड़ी। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले भर का भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

प्रशासन का सख्त रुख: वीडियो फुटेज से होगी पहचान

गुना पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बेहद सख्त है। जिला अस्पताल में घायल जवानों का इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी पर हाथ उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मौके के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।

Leave a Comment