खौफनाक! मकान छोड़ने का आदेश था… दुनिया छोड़ गए अधेड़ मां और दो जवान बेटे

नई दिल्ली। दुनिया की 5 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शुमार भारत की राजधानी में हुआ ये घटनाक्रम दहलाने वाला है। एक अधेड़ महिला और उसके दो जवान बेटों ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वजह… आर्थिक तंगी बताई गई है। घटना दक्षिण दिल्ली के कालकाजी में हुई। मां अनुराधा कपूर (52) और दो बेटे आशीष (32) और चेतन (27) के शव किराये के घर में फंदे पर लटके मिले। घटना का खुलासा तब हुआ, जब कोर्ट के आदेश पर घर का कब्जा लेने पहुंची टीम ने अंदर से बंद दरवाजा डुप्लीकेट चाबी से खोला। अंदर तीन लाशें देखकर सभी सहम गए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार लंबे समय से आर्थिक संकट से गुजर रहा था।
मौके पर मिले सुसाइड नोट में परिवार के अवसाद में होने का जिक्र है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी दोपहर करीब 2:47 बजे मिली। शुक्रवार दोपहर कोर्ट की ओर से नियुक्त टीम पुलिस के साथ कालकाजी स्थित घर पहुंची थी। टीम के पास संपत्ति का कब्जा लेने का अदालती आदेश था। अधिकारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोलने पर सामने तीनों शव फंदे से लटके मिले। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। घर को फिलहाल सील कर दिया गया है।

महीनों से नहीं दिया था मकान का किराया
पुलिस ने आशंका जताई है कि कोर्ट के आदेश के साथ ही संपत्ति विवाद भी इस परिवार के आत्महत्या करने की वजह हो सकती है। आस-पड़ोस के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, अनुराधा के पति की मौत के बाद से परिवार भारी आर्थिक संकट में था। दोनों बेटे बेरोजगार थे। इनके पास मकान का किराया देने के पैसे भी नहीं थे। कई महीने किराया नहीं मिलने के कारण मकान मालिक ने घर खाली कराने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

Leave a Comment