पापा ने मम्मी को मारा, बुआ ने पीटा… जहर दिया- 4 साल के बेटे ने खोले राज

झांसी | “पापा मम्मी को मार रहे थे… बुआ ने भी मारा… फिर मम्मी को जहर दे दिया।”
चार साल के मासूम के ये शब्द उसकी मां की मौत के पीछे छिपी खौफनाक सच्चाई बयां कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के झांसी में सामने आए इस मामले ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ा, बल्कि आत्महत्या बताए जा रहे एक केस को गंभीर आपराधिक एंगल में बदल दिया है।

मृतका 25 वर्षीय मोनिका उर्फ रोली दुबे की शादी 26 फरवरी 2020 को नगरिया कुआं मोहल्ला निवासी शिवम दुबे से हुई थी। शादी के बाद दोनों का एक बेटा हुआ। मोनिका का मायका प्रतापगढ़ जिले में है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पैसों को लेकर विवाद होता रहता था। पति बच्चे की फीस और घर के खर्च नहीं देता था, जिससे मोनिका मानसिक तनाव में थी।

मृतका की भाभी कोमल पांडे ने बताया कि शिवम प्राइवेट नौकरी करता है और हाल ही में बेंगलुरु से घर लौटा था। मंगलवार रात पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसे फोन पर समझाकर शांत कराया गया। लेकिन अगली सुबह हालात और बिगड़ गए।

बुधवार सुबह मोनिका ने वीडियो कॉल कर बताया कि सास और ननद उसे गालियां दे रही हैं। कॉल के दौरान ननद ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़ी। जब उसने विरोध किया तो पति और ननद ने मिलकर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। कोमल के विरोध करने पर फोन छीनकर कॉल काट दी गई।

सुबह करीब 10 बजे झगड़ा हुआ। दोपहर 12 बजे परिजनों को सूचना दी गई कि मोनिका ने जहर खा लिया है। आरोप है कि गंभीर हालत के बावजूद उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर शाम करीब 4 बजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे गंभीर बताया गया।

गुरुवार सुबह जब मायके वाले झांसी पहुंचे तो घर के बाहर मोनिका का शव रखा था और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान ननद फरार मिली। परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अंतिम संस्कार रुकवाया गया।

सबसे चौंकाने वाली बात मृतका के चार साल के बेटे की गवाही है। बच्चे ने बताया कि उसने पिता और बुआ को मां के साथ मारपीट करते देखा। उसने यह भी कहा कि दोनों ने मिलकर मां को जहर दिया। बच्चे का दावा है कि झगड़े के दौरान उसने तस्वीरें भी खींची थीं।

शहर कोतवाली प्रभारी विद्यासागर के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।