मुंबई | सांताक्रुज में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किराना व्यापारी के घर हुई 18.60 लाख रुपए की चोरी किसी अंजान चोर की नहीं, बल्कि उसकी अपनी बेटी और उसके प्रेमी की करतूत निकली। प्यार में शुरू हुई कहानी लालच की गिरफ्त में आकर अपराध में बदल गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उन्हें 10 दिसंबर तक की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
प्यार, लालच और भविष्य सुरक्षित करने का बहाना
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रेमी जोड़ा लंबे समय से रिश्ते में था। शादी के बाद “भविष्य सुरक्षित करने’ की इच्छा में दोनों ने घर की नकदी और सोने के गहने उड़ाने की योजना बनाई। परिवार को इस प्रेम संबंध की भनक तक नहीं थी।
व्यापारी ने बताया कि घर में उन्होंने 12 लाख नकद (दुकान की कमाई और पुश्तैनी जमीन बेचने की रकम) और करीब 6 लाख के 13 तोले सोने के जेवर लोहे के बॉक्स में रखे थे।
18 अक्टूबर को उनकी बेटी मां को बाजार ले गई, और इसी दौरान घर से नकदी व गहने गायब हो गए।
बेटी पर टूटा शक, खुली साजिश
शुरुआत में मामला अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज हुआ। लेकिन पुलिस को बेटी के बदलते बयान, मोबाइल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध युवक ने शक की दिशा बदल दी। कड़ाई से पूछताछ पर बेटी टूट गई और पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि घर में रखी रकम की जानकारी उसी ने प्रेमी को दी थी। वह मां को बाहर ले गई ताकि प्रेमी को चोरी का मौका मिल सके। बाद में पुलिस ने उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं, और चोरी की बरामदगी को लेकर पूछताछ जारी है।